बड़ा बाजार के प्रेम ज्वेलर्स में दिनदहाड़े वारदात, पिस्तौल के बल पर लूट; STF की कार्रवाई में मुठभेड़
दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र स्थित बड़ा बाजार के महथा मार्केट में प्रेम ज्वेलर्स दुकान में हुई बड़ी लूट की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। इस मामले में दुकान के प्रोपराइटर मनोज ठाकुर के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
दुकानदार के अनुसार, घटना के समय 5 से 6 की संख्या में अपराधी दुकान में घुस आए और पिस्तौल के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार, उनके पुत्र प्रेम कुमार, स्टाफ और ग्राहकों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। सभी को पिस्तौल की नोक पर एक कोने में बैठा दिया गया।
इसके बाद अपराधियों ने करीब 700 ग्राम सोने के आभूषण, 20-25 किलो चांदी के गहने, लगभग 10 लाख रुपये नकद, एक ग्राहक रणधीर ठाकुर के 8 लाख रुपये नकद और 8 मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने दुकान को बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गए।
लूट की घटना दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मिथिला क्षेत्र के डीआईजी मनोज तिवारी, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलरेड्डी, सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधी बाइक से एनएच-27 के रास्ते सिमरी की ओर भागे। पुलिस ने सड़क किनारे दो संदिग्ध बाइक बरामद की हैं, जिनमें एक उत्तर प्रदेश और दूसरी मध्य प्रदेश में रजिस्टर्ड बताई जा रही है।
वहीं STF की टीम ने समस्तीपुर और बेगूसराय में पीछा करते हुए अपराधियों से मुठभेड़ की है, जिसमें एक अपराधी के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने 4 से 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा करने से परहेज कर रही है।







