बड़ा बाजार की घटना से स्वर्ण व्यवसायियों में डर, पुलिस ने बनाई SIT, दुकान बंद करने का फैसला टला
दरभंगा शहर के बड़ा बाजार में ज्वेलर्स की दुकान में हुई डकैती के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के विरोध में लहेरियासराय और दरभंगा के स्वर्ण व्यवसायियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की।
बैठक में व्यवसायियों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से पूरे बाजार में भय का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस गश्ती की कमी के कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बड़ा बाजार क्षेत्र में लगभग 100 से अधिक स्वर्ण व्यवसायियों की दुकानें हैं, जो इस घटना के बाद असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका ने बैठक के दौरान ही वरीय पुलिस अधीक्षक से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन इस मामले में सक्रिय है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की संभावना है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, हालांकि अभी पूरी जानकारी साझा नहीं की जा सकती है।
व्यवसायियों ने पुलिस की कार्रवाई पर फिलहाल संतोष जताया और तत्काल दुकानें बंद करने के प्रस्ताव को स्थगित कर दिया। साथ ही, उन्होंने निर्णय लिया कि सोमवार को दोबारा बैठक कर स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
इस बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रधान सचिव सुशील कुमार जैन, स्वर्ण व्यवसायी संघ के अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद, रजनीश राज, पवन लाट, सुभाष खाती, ध्रुव ठाकुर, मनोज ठाकुर, पवन वर्मा समेत 100 से अधिक स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित थे।







