दरभंगा के जाले में विवाहिता को पति-सास ने पीटकर घायल किया। कई दिनों तक भूखा रखा, FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र अंतर्गत कतरौल गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति, सास समेत ससुराल वालों ने एक विवाहिता को बेरहमी से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद किसी तरह जान बचाकर पीड़िता जाले थाना पहुंची और अपने साथ हुए अत्याचार की पूरी कहानी थानाध्यक्ष को सुनाई। पीड़िता के आवेदन पर जाले थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पॉल ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायल महिला का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जाले में चल रहा है।
प्राथमिकी में कतरौल गांव निवासी शाइस्ता परवीन ने बताया कि उनका निकाह वर्ष 2019 में फूलबाबू से हुआ था। शादी के बाद से ही उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर उनके पति और सास ने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।
इसके बाद से उन पर अत्याचार का सिलसिला और बढ़ गया। घर के सभी काम का बोझ उन्हीं पर था और मामूली बातों पर भी उनके साथ मारपीट की जाती थी।
पीड़िता ने बताया कि बीते 22 मार्च को ससुराल वालों ने अचानक उन्हें घर में बंद कर लाठी, डंडे और मुक्कों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। कई दिनों तक उन्हें भूखा-प्यासा रखकर प्रताड़ित किया गया। जब भी उन्हें होश आता, फिर से मारपीट शुरू कर दी जाती।
आखिरकार मौका देखकर वह किसी तरह घर से भागने में सफल रहीं और सीधे थाना पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।
इस मामले में पीड़िता ने अपने पति फूलबाबू, सास असगरी खातून, ननद शमा खातून, खुशबू खातून, देवर मो. आशिक और जुगनू खातून को नामजद अभियुक्त बनाया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।







