दरभंगा। उत्तर बिहार के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार देर रात एक बार फिर उचक्कों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए गायनी विभाग के सीओटी के पास से ऑक्सीजन पाइप काट ली।
सूत्रों के अनुसार, देर रात अचानक ऑक्सीजन लीक होने की तेज आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात कर्मी मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक चोर पाइप काटकर फरार हो चुके थे। यदि समय रहते कर्मियों को जानकारी नहीं मिलती, तो बड़ा हादसा भी हो सकता था।
पुराना भवन बना चोरों का आसान निशाना
गायनी विभाग का पुराना भवन पिछले कुछ महीनों से लगातार असामाजिक तत्वों के निशाने पर है। करीब एक माह पूर्व भी यहां से कई फीट ऑक्सीजन पाइप काट ली गई थी। इतना ही नहीं, पहले भी अस्पताल परिसर से लगभग एक दर्जन एयर कंडीशनर के कीमती पार्ट्स चोरी हो चुके हैं।
न्यू सर्जिकल और सुपर स्पेशियलिटी भवन भी सुरक्षित नहीं
चोरों का दुस्साहस यहीं तक सीमित नहीं रहा। न्यू सर्जिकल बिल्डिंग और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भवन से भी कीमती नल और फिटिंग्स उखाड़ कर ले जाई जा चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
अस्पताल में 24 घंटे सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बावजूद बार-बार चोरी की घटनाएं होना कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या सुरक्षा कर्मियों की निगरानी पर्याप्त है? क्या परिसर में सीसीटीवी कैमरे सही ढंग से काम कर रहे हैं?
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि यदि अस्पताल परिसर में इस तरह की घटनाएं जारी रहीं, तो यह मरीजों की सुरक्षा के लिए भी खतरे की घंटी साबित हो सकता है।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन और संबंधित थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक डीएमसीएच में चोरों का आतंक यूं ही चलता रहेगा?