दरभंगा: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दरभंगा पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं अवैध शराब के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए हैं।
अलीनगर थाना पुलिस ने माननीय न्यायालय द्वारा जारी NBW वारंटी के तहत लीलपुर निवासी मोहम्मद शमीम और मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया। दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिन्हें अब विधिवत हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है।
वहीं, सोनकी थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने करीब 8.100 लीटर विदेशी शराब के साथ मिथुन साह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हायाघाट थाना पुलिस ने भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें उपेंद्र राम और नरेश मल्लिक शामिल हैं, जिन्हें सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने के आरोप में पकड़ा गया।
इसके अलावा बड़गांव थाना पुलिस ने भी NBW वारंटी के तहत टेनुआ गांव निवासी शिव कुमार चौपाल और ललिता देवी को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दरभंगा पुलिस ने साफ किया है कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। पुलिस लगातार छापेमारी और विशेष अभियान चला रही है ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।







