दरभंगा पब्लिक स्कूल के छात्रों ने CBSE 10वीं में शानदार प्रदर्शन किया। 23% छात्रों ने 90%+ अंक हासिल किए, आशीष कुमार चौधरी 96.6% के साथ टॉपर बने।
दरभंगा। दिल्ली मोड़ स्थित दरभंगा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने CBSE कक्षा 10 के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। इस वर्ष विद्यालय के लगभग 23% छात्रों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जो संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।
इस वर्ष के टॉपर आशीष कुमार चौधरी रहे, जिन्होंने 96.6% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वे भारतीय सेना में कार्यरत अभय कुमार चौधरी एवं सरकारी शिक्षिका अर्चना कुमारी के पुत्र हैं। सहारघाट निवासी आशीष छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे थे और उनका लक्ष्य IIT में सफलता प्राप्त कर इंजीनियर बनना है।
अन्य सफल विद्यार्थियों में मिहिर कांत, आरव कुमार, अथर्व आनंद, प्रतीक प्रखर, सिमरन गुप्ता, प्रिया कुमारी एवं साध्वी भारद्वाज शामिल हैं, जिन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विषयवार प्रदर्शन में भी छात्रों ने शानदार उपलब्धि हासिल की। मौली (अंग्रेज़ी), अदीबा राशिद (उर्दू) और पाखी सिंह (संस्कृत) ने 99 अंक प्राप्त कर विशेष पहचान बनाई।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मदन कुमार मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष कुल 180 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और परिणाम 100% रहा, जिसमें किसी भी छात्र को कम्पार्टमेंट नहीं मिला।
विद्यालय प्रबंधन के सदस्य डॉ. विशाल गौरव ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।









