DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

दरभंगा से छात्रों का जत्था पूसा के लिए रवाना! जिला परिषद सदस्य ने दिखाई हरी झंडी, कृषि सीखेंगे बच्चे

मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के तहत कई स्कूलों के छात्र राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय पूसा के लिए निकले

दरभंगा। मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के तहत जिले के विभिन्न मध्य विद्यालयों के छात्रों का दल मंगलवार को शैक्षणिक भ्रमण के लिए पूसा स्थित राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुआ। अलीनगर प्रखंड के मलिया चौक जयंतीपुर दाथ से बस को जिला परिषद सदस्य सुनीता यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों के शैक्षणिक स्तर में सुधार होता है और उन्हें नई-नई चीजों को देखने व सीखने का अवसर मिलता है। इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच का विकास होता है और सीखने की ललक भी बढ़ती है।

इस मौके पर बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष शंभू यादव ने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास में शैक्षणिक परिभ्रमण का महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे कार्यक्रमों से छात्र उत्साहित होते हैं, उनका मनोबल बढ़ता है और उनमें नई ऊर्जा का संचार होता है।

उन्होंने कहा कि छात्रों को चाहिए कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए कृषि और बागवानी से जुड़ी नई जानकारी प्राप्त करें और उसे अपने जीवन में अपनाएं।

शैक्षणिक भ्रमण में मध्य विद्यालय वाटगंज, मध्य विद्यालय हरसिंहपुर, मध्य विद्यालय जौघट्टा, बुनियादी मध्य विद्यालय मिल्की और मध्य विद्यालय जयंतीपुर के छात्र शामिल हुए। पूसा पहुंचकर छात्र कृषि, बागवानी और आधुनिक खेती से जुड़ी तकनीकों को देखेंगे और सीखेंगे।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व शिक्षक भी उपस्थित रहे।

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *