11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, परिवार में मचा कोहराम
दरभंगा, बहेड़ा। बहेड़ा थाना क्षेत्र के फरदाहा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 71 वर्षीय वृद्ध की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान फरदाहा निवासी नागेश्वर पासवान (71), पिता स्वर्गीय पलट पासवान के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागेश्वर पासवान मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अपनी पत्नी के साथ घास काटने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान गांव के बगीचे के पास सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान में टूटा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार नीचे लटक रहा था। अनजाने में वह तार के नजदीक पहुंच गए और उसकी चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद उनकी पत्नी और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे चार पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं। सभी संतानें विवाहित हैं। बताया जाता है कि उनके चारों पुत्र रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद सभी घर के लिए रवाना हो गए हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे फरदाहा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों ने टूटे बिजली तारों की समय पर मरम्मत नहीं होने पर चिंता जताई है।








