पटना/दरभंगा: बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ, दरभंगा के जिला अध्यक्ष रफीउद्दीन के नेतृत्व में पटना स्थित रविन्द्र भवन में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम के दौरान दरभंगा के शिक्षकों ने बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का मिथिला की पारंपरिक पाग, चादर एवं पेंटिंग भेंट कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 9 सूत्री मांग पत्र भी शिक्षा मंत्री को सौंपा गया।
संघ के जिला अध्यक्ष रफीउद्दीन ने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि 2020 नियमावली के तहत नियोजित शिक्षकों की कालबद्ध प्रोन्नति प्रक्रिया बिहार के लगभग 26 जिलों में शुरू हो चुकी है, लेकिन दरभंगा में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा सचिवालय से मार्गदर्शन के नाम पर लगातार टालमटोल किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार एवं शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण जिले के करीब 2600 शिक्षकों को मार्च 2026 से अब तक वेतन भुगतान नहीं हुआ है। जबकि सरकार का दावा है कि हर माह के पहले सप्ताह में शिक्षकों का वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाता है, ताकि शिक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके।
रफीउद्दीन ने कहा कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी थी, लेकिन शिक्षकों के समक्ष वेतन भुगतान, स्नातक प्रोन्नति एवं प्रधानाध्यापक पद में समायोजन जैसी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने के कारण मुस्लिम शिक्षकों का बकरीद जैसा महत्वपूर्ण त्योहार फीका पड़ सकता है।
शिक्षक संघ की ओर से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई कि नियोजित शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए राज्य सरकार जीओबी मद में राशि आवंटित कर जल्द से जल्द जिले को उपलब्ध कराए, ताकि शिक्षकों को समय पर वेतन मिल सके और वे बकरीद का त्योहार खुशी के साथ मना सकें।
इस पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि वेतन से जुड़ा मामला तत्काल देखा जाएगा और संबंधित जिलों को जल्द आवंटन भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सभी मांगें जायज हैं और अगले 10 दिनों के भीतर सचिवालय में विभागीय अधिकारियों एवं शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य की नींव हैं और सरकार नहीं चाहती कि शिक्षक सड़क पर उतरकर आंदोलन करें।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रफीउद्दीन, जिला उपाध्यक्ष सूरज सक्सेना, बेनीपुर अनुमंडल अध्यक्ष अभिनाश कुमार, मो. जुबैर, ममता कुमारी, शीला गुप्ता, मनोज कुमार सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।







