दरभंगा महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान में आज अंतर सदनीय क्विज़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर बंगाली टोला, लहेरियासराय में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रावणी शिखा एवं निर्णायक मंडली द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर निर्णायक मंडल में बेबी कुमारी, संजय चटर्जी, अकबा साहिल परवीण, स्वाति कुमारी एवं आमिर फैशल उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के बाद प्राचार्या श्रावणी शिखा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्विज़ प्रतियोगिता विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, त्वरित सोच, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में आयोजित इस अंतर सदनीय क्विज़ प्रतियोगिता को कुल चार सत्रों में संपन्न कराया गया। प्रतियोगिता के दौरान सभी सदनों के प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्नों का आत्मविश्वास के साथ उत्तर देकर अपनी योग्यता का परिचय दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे —
🥇 प्रथम स्थान : अयाची हाउस
🥈 द्वितीय स्थान : राजेंद्र हाउस
🥉 तृतीय स्थान : मयंक हाउस
कार्यक्रम का सफल संचालन सीसीए प्रभारी पलक मिश्रा एवं सोफिया फ्लोरेंस द्वारा किया गया। अंत में संजय चटर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी निर्णायकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।







