DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

डीएमसीएच अधीक्षक समेत तीन अधिकारियों का वेतन स्थगित, मरीज की मौत और ट्रॉली मिलने में देरी पर कमिश्नर सख्त

दरभंगा। दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में मरीज की मौत तथा आईसीयू ट्रॉली उपलब्ध कराने में हुई देरी से संबंधित दैनिक जागरण एवं हिन्दुस्तान समाचार पत्रों में 24 नवंबर को प्रकाशित खबरों पर प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने गंभीर संज्ञान लिया है। मामले को लेकर मंगलवार को प्रमंडलीय सभागार में स्वास्थ्य विभाग एवं डीएमसीएच के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयुक्त ने डीएमसीएच अधीक्षक एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारियों से प्रकाशित खबरों और घटनाक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि मरीजों को आवश्यक उपचार एवं चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

आयुक्त ने डीएमसीएच अधीक्षक को निर्देश दिया कि उक्त घटना में जिन पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका में लापरवाही सामने आई है, उनकी गहन जांच कराई जाए। साथ ही जांच प्रतिवेदन अविलंब उपलब्ध कराया जाए, ताकि जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

अधीक्षक, स्वास्थ्य प्रबंधक और मेडिसिन विभागाध्यक्ष का वेतन स्थगित

घटना की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने डीएमसीएच अधीक्षक, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं मेडिसिन विभागाध्यक्ष (एचओडी) का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार और अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

जल्द करेंगे डीएमसीएच का गहन निरीक्षण

आयुक्त ने कहा कि उनके द्वारा शीघ्र ही डीएमसीएच का गहन निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा के लिए पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों तथा अस्पताल से जुड़े सभी आवश्यक एवं अद्यतन आंकड़े सही-सही प्रस्तुत करें।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवश्यक उपकरण, ट्रॉली एवं अन्य बुनियादी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

 

आयुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार लाने पर जोर देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतें सामने नहीं आनी चाहिए। आम लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशीलता, तत्परता एवं पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।

 

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *