DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

आवेदन पर एक्शन लिया होता तो शायद बच जाती जान ! बिरौल में हत्या के बाद थानाध्यक्ष चन्द्रमणि और SI पंकज कुमार निलंबित

दरभंगा। जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में आपसी विवाद और जान से मारने की धमकी से संबंधित आवेदन पर समय रहते विधि-सम्मत कार्रवाई नहीं करना पुलिस पदाधिकारियों को महंगा पड़ गया। मामले में कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं शिथिलता बरतने के आरोप में बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्रमणि तथा पुअनि पंकज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। दोनों को पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा के निर्देश पर निलंबित करते हुए पुलिस केन्द्र, दरभंगा में मुख्यालय निर्धारित किया गया है।

  • आवेदन पर कार्रवाई नहीं करना पड़ा महंगा
  • हत्या के बाद बिरौल थानाध्यक्ष और SI निलंबित
  • दरभंगा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
  • कर्तव्य में लापरवाही और शिथिलता बरतने के आरोप में थानाध्यक्ष चन्द्रमणि एवं पुअनि पंकज कुमार पर गिरी गाज

 

दरअसल, बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी काशीकांत ठाकुर, पिता रामलखन ठाकुर ने 14 जुलाई 2026 को बिरौल थाना में एक आवेदन समर्पित किया था। आवेदन में उन्होंने आपसी विवाद एवं जान से मारने की धमकी से संबंधित आरोप लगाते हुए विधि-सम्मत कार्रवाई की मांग की थी।

 

आरोप है कि उक्त आवेदन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसी बीच 8 नवंबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में काशीकांत ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

 

इस मामले में बिरौल थाना कांड संख्या-792/26, दिनांक 09.11.2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

 

जांच में सामने आई पुलिस पदाधिकारियों की लापरवाही

घटना के बाद मृतक द्वारा 14 जुलाई 2026 को बिरौल थाना में दिए गए आवेदन के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल द्वारा जांच की गई। जांच के उपरांत समर्पित प्रतिवेदन में पाया गया कि थानाध्यक्ष बिरौल एवं पुअनि पंकज कुमार द्वारा पूर्व में दिए गए आवेदन पर नियमानुसार अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई थी। साथ ही कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही एवं शिथिलता भी पाई गई।

 

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर मृतक के आवेदन पर विधि-सम्मत कार्रवाई नहीं करने तथा कर्तव्य में लापरवाही बरतने के मामले में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई।

 

10 नवंबर को दोनों पुलिस पदाधिकारी निलंबित

 

जांच प्रतिवेदन के आलोक में बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्रमणि के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा को अनुशंसा भेजी गई।

 

इसके बाद पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा द्वारा पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष बिरौल चन्द्रमणि को 10 नवंबर 2026 को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र, दरभंगा निर्धारित कर दिया गया।

 

वहीं, पुअनि पंकज कुमार को भी 10 नवंबर 2026 से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।

 

दरभंगा पुलिस की इस कार्रवाई को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के प्रति सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।

 

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *