DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

तकनीकी शिक्षा से आत्मनिर्भर बनेंगे युवा, मिथिलांचल आईटीआई में आयोजित हुआ दीक्षांत समारोह

दरभंगा। मब्बी स्थित मिथिलांचल प्राइवेट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई) परिसर में शनिवार को पंचम कौशल दीक्षांत समारोह-2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के पूर्व कुलसचिव श्री अजित कुमार सिंह एवं आमंत्रित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

 

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मिथिला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव श्री अजित कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में मरवाड़ी हाई स्कूल, दरभंगा के डॉ. विश्वनाथ प्रसाद कुशवाहा, एमएलएसएम कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. मनोज कुमार वर्मा, महात्मा गांधी महाविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. राम अनेक कुशवाहा, झंझारपुर कोर्ट के अधिवक्ता श्री कृष्ण देव महतो, मिथिला फाउंडेशन चंडीगढ़ चैप्टर के यूथ प्रेसिडेंट श्री नितीश कुमार कुशवाहा, प्रीतम पूजा कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष श्री निर्धन यादव एवं केनरा बैंक के सेवानिवृत्त कर्मी श्री रंजीत कुमार चौधरी शामिल हुए।

 

दीक्षांत समारोह के दौरान संस्थान के सफल प्रशिक्षुओं (फिटर एवं इलेक्ट्रिशियन ट्रेड, सत्र 2024-26) को अतिथियों के कर-कमलों द्वारा एनसीवीटी प्रमाण-पत्र, मेडल एवं मेरिट पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी दक्षता युवाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर संस्थान के प्रशिक्षुओं द्वारा मैथिली एवं हिंदी गीत, नृत्य, कविता तथा शायरी सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।

 

कार्यक्रम में संस्थान के अनुदेशकगण, नियमित प्रशिक्षु (सत्र 2025-27 एवं 2026-28) तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर चुके युवाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें कौशल विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *