DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

दरभंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चांदी लूटकांड में पांच गिरफ्तार; 62.040 किलो चांदी और 5.94 लाख रुपये नकद बरामद

दरभंगा। जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभन से एकमी जाने वाली सड़क पर पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा व्यवसायी के साथ हुई सनसनीखेज चांदी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने 62.040 किलोग्राम चांदी जैसी धातु के बिस्कुट और 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एवं अन्य दो चारपहिया वाहनों सहित कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल महासेठ उर्फ विक्की, छोटू कुमार यादव, धीरज सोनी, संतोष कुमार साह एवं तेजस अभिषेक चन्द्र शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को लूटकांड के उद्भेदन की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

7 नवंबर की रात हथियार के बल पर हुई थी करोड़ों की लूट

 

पुलिस के अनुसार, दिनांक 7 नवंबर 2026 की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच शोभन से एकमी जाने वाली सड़क पर एम्स मुख्य द्वार से कुछ दूरी पहले दो शीशम के पेड़ों के पास पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा व्यवसायी की गाड़ी को अपराधियों ने निशाना बनाया था।

 

दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अपराधकर्मियों ने व्यापारी की गाड़ी का पीछा किया। सुनसान स्थान देखकर अपराधियों ने गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की, जिसमें वाहन चालक कौशिक के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद अपराधी गाड़ी में रखे चांदी के बिस्कुट और नकद राशि से भरा बैग एवं बोरा लेकर फरार हो गए।

 

घटना की सूचना 9 नवंबर को सिमरी थानाध्यक्ष को गुप्त रूप से प्राप्त हुई। इसके बाद सिमरी थाना सनहा संख्या 376/26, दिनांक 09.11.2026 दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा को सूचित किया गया।

 

एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 शुभेन्दु कुमार सुमन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया। टीम को गुप्त सूचना का सत्यापन, तकनीकी अनुसंधान और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया।

 

गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस के सामने यह बात सामने आई कि लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना घटना से कुछ दिन पहले ही रामबाग स्थित निक्की साह के कुशल रेस्टोरेंट में बनाई गई थी।

 

कुशल रेस्टोरेंट में रची गई थी लूट की साजिश

पुलिस अनुसंधान में खुलासा हुआ कि अपराधियों को पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा व्यवसायी के नियमित रूप से भारी मात्रा में चांदी और नकदी लेकर दरभंगा आने-जाने की जानकारी थी। इसी आधार पर उसकी गाड़ी की रेकी की गई और सुनसान स्थान पर रोककर लूटपाट करने की योजना बनाई गई।

 

योजना के तहत लूटे गए चांदी के बिस्कुट और नकदी को निक्की साह के रेस्टोरेंट के आसपास खड़ी गाड़ियों में छिपाकर रखने की तैयारी की गई थी।

 

7 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे सभी अपराधकर्मी शोभन चौक के पास एकत्रित हुए। निक्की द्वारा सर्राफा व्यवसायी की गाड़ी का लोकेशन उपलब्ध कराया गया। इसके बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अपराधियों ने व्यापारी की गाड़ी का पीछा किया और एम्स मुख्य द्वार से कुछ दूरी पहले वारदात को अंजाम दिया।

 

छोटू कुमार यादव की गिरफ्तारी से खुलने लगी कांड की परतें

 

गुप्त सूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने कैदराबाद निवासी छोटू कुमार यादव के घर पर छापेमारी की। पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास कर रहे छोटू कुमार यादव को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

 

उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी लेने के दौरान ड्रेसिंग टेबल के ड्रॉअर में काले प्लास्टिक में छिपाकर रखे गए 5,94,100 रुपये नकद बरामद किए गए।

 

पुलिस पूछताछ में छोटू कुमार यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने के संबंध में जानकारी दी। उसने बताया कि सर्राफा व्यवसायी के वाहन चालक कौशिक के माध्यम से उन्हें व्यापारी के आवागमन और गाड़ी में रखे सामान की जानकारी मिली थी।

 

पुलिस के अनुसार, चालक कौशिक भी इस साजिश में शामिल था। उसने अपराधियों को व्यापारी की गाड़ी चलाने और वारदात के दौरान फायरिंग करने की योजना के बारे में बताया था।

 

निक्की साह के रेस्टोरेंट के पास खड़ी गाड़ियों से 62 किलो चांदी बरामद

छोटू कुमार यादव की निशानदेही पर पुलिस टीम ने रामबाग स्थित निक्की साह के कुशल रेस्टोरेंट के पास छापेमारी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले निक्की साह फरार हो गया।

 

इसके बाद रेस्टोरेंट के पास खड़ी चारपहिया गाड़ियों की विधिवत तलाशी ली गई। इस दौरान टाटा टिगोर की डिक्की से आसमानी रंग के बैग में रखे चांदी जैसी धातु के 34 छोटे-बड़े बिस्कुट बरामद किए गए। वहीं, दूसरी गाड़ी से लाल रंग के बैग और सफेद प्लास्टिक के बोरे में रखे चांदी जैसी धातु के 22 छोटे-बड़े बिस्कुट मिले।

इस प्रकार पुलिस ने कुल 56 बिस्कुट बरामद किए, जिनका कुल वजन 62.040 किलोग्राम बताया गया है। बरामद चांदी जैसी धातु के बिस्कुटों को एफएसएल टीम, दरभंगा की उपस्थिति में विधिवत सिलबंद किया गया।

 

विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत पांच अभियुक्त गिरफ्तार

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने विशाल महासेठ उर्फ विक्की एवं धीरज सोनी को भी गिरफ्तार किया। इसके बाद मामले में अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी रही।

पुलिस ने अब तक इस कांड में कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है।

 

1. छोटू कुमार यादव (29 वर्ष), पिता- रामसेवक यादव, निवासी- कैदराबाद, थाना- विश्वविद्यालय, जिला- दरभंगा।

2. विशाल महासेठ उर्फ विक्की (35 वर्ष), पिता- ध्रुव नारायण महासेठ, निवासी- कैदराबाद, थाना- विश्वविद्यालय, जिला- दरभंगा।

3. धीरज सोनी, पिता- सीताराम सोनी, निवासी- जितुगाछी, थाना- नगर, जिला- दरभंगा।

4. संतोष कुमार साह (63 वर्ष), पिता- स्व. वैजनाथ साह, निवासी- रूहेलगंज, कैदराबाद, थाना- विश्वविद्यालय, जिला- दरभंगा।

5. तेजस अभिषेक चन्द्र (23 वर्ष), पिता- रामचन्द्र प्रसाद सिंह, निवासी- शुभंकरपुर, वार्ड संख्या-08, थाना- नगर, जिला- दरभंगा।

 

दो चारपहिया वाहन, मोबाइल और घटनास्थल से खोखा बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त तलाशी के दौरान निम्नलिखित सामान जब्त किए गए हैं।

 

– नकद राशि : 5,94,100 रुपये।

– चांदी जैसी धातु : 62.040 किलोग्राम।

– टाटा टिगोर : निबंधन संख्या BR-07AY-9243A।

– मारुति स्विफ्ट : निबंधन संख्या BR-07AP-2202 (कूटरचित निबंधन नंबर)।

– ओप्पो, वीवो एवं रेडमी कंपनी के मोबाइल फोन।

– घटनास्थल से बरामद एक खोखा, जिस पर 7.65 MM एवं KF अंकित है।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान कृत्रिम रोशनी में खोजबीन करने पर एक खोखा बरामद हुआ। पुलिस ने सभी बरामद सामानों की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया है।

फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार, इस कांड में शामिल अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त हथियार और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए अग्रतर अनुसंधान जारी है।

 

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2), 311, 317(3), 336(3), 338, 61(2), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

 

एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में गठित टीम ने की कार्रवाई

 

इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 शुभेन्दु कुमार सुमन के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई एवं विभिन्न थानों की पुलिस टीम शामिल रही।

 

छापेमारी दल में पु०नि० अमृतलाल साह, प्रभारी जिला आसूचना इकाई; पु०नि० सुधीर कुमार, थानाध्यक्ष विश्वविद्यालय; पु०नि० मनोज कुमार, थानाध्यक्ष सदर; पु०नि० अरविन्द कुमार, थानाध्यक्ष नगर; पु०अ०नि० अरविन्द कुमार, थानाध्यक्ष सिमरी; पु०अ०नि० रविन्द्र भारती, पु०अ०नि० शाशि शंकर कुमार, पु०अ०नि० बिपिन कुमार यादव, पु०अ०नि० धिरेन्द्र कुमार तथा स०अ०नि० रामबाबू कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

 

दरभंगा पुलिस की इस कार्रवाई से पश्चिम बंगाल के सर्राफा व्यवसायी के साथ हुई बड़ी लूट की घटना का खुलासा हुआ है। हालांकि, पुलिस के सामने अब इस साजिश में शामिल फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लूट में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी बड़ी चुनौती है।

 

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *