विभिन्न मांगों को लेकर प्रजापति (कुम्हार) समाज का विशाल प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
दरभंगा। प्रजापति (कुम्हार) समाज ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दरभंगा में विशाल प्रदर्शन और जुलूस निकाला। समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग हाथों में तख्तियां लेकर तथा महिलाएं सिर पर मिट्टी के बर्तन और चाक लेकर झांकी के रूप में कर्पूरी चौक से लहेरियासराय समाहरणालय तक पहुंचे। इसके बाद जिलाधिकारी कौशल कुमार को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने टेराकोटा भवन के जीर्णोद्धार, माटी कला बोर्ड के गठन, बेरोजगारों को रोजगार, राजनीति में उचित हिस्सेदारी तथा समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। चिलचिलाती धूप के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने पैदल एवं मोटरसाइकिल जुलूस में भाग लिया।
जुलूस का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रमेश कुमार पंडित, जिला सचिव शंभू पंडित, नगर अध्यक्ष नरेंद्र नारायण, जिला मीडिया प्रभारी विवेक कुमार पंडित सहित कई समाजसेवियों ने किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रमेश कुमार पंडित ने समाज की बेटी की हत्या के मामले में दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। वहीं जिला सचिव शंभू पंडित ने कहा कि प्रजापति समाज लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहा है। उन्होंने जर्जर हो चुके टेराकोटा भवन के पुनर्निर्माण और उसे समाज को सौंपने की मांग की। साथ ही माटी कला बोर्ड के गठन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
जिला मीडिया प्रभारी विवेक कुमार पंडित ने कहा कि टेराकोटा भवन आज जर्जर होकर डंपिंग ग्राउंड का रूप ले चुका है। उन्होंने समाज पर हो रहे अत्याचारों और लंबित मांगों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आगे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया और समाज की मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।







