दरभंगा। अल इक़रा एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के अंतर्गत इक़रा हॉस्पिटल, बेंता वीआईपी रोड दरभंगा द्वारा रविवार को करमगंज स्थित कम्युनिटी हॉल, बड़ी मस्जिद के सामने एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सर्जरी एवं स्त्री रोग संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

शिविर में जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, महिलाओं से संबंधित बीमारियों, गर्भावस्था, हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी एवं बांझपन संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मो. ऐमन खुर्शीद (MBBS गोल्ड मेडलिस्ट, MS Surgery), जनरल, लैप्रोस्कोपिक एवं लेज़र सर्जन तथा डॉ. आरिफ़ा क़मर (MBBS, MS Obstetrics & Gynaecology, DMCH) ने मरीजों को अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि MD रियासत अली उर्फ़ टिंकू, वार्ड पार्षद, अर्शी अंसारी सहित अनेक समाजसेवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई तथा सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया।
शिविर के दौरान मरीजों को निःशुल्क OPD परामर्श, उपलब्धता के अनुसार निःशुल्क दवाइयां तथा निःशुल्क शारीरिक जांच की सुविधा प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, Rx Wellness Care के सहयोग से विभिन्न मेडिकल जांचों की व्यवस्था की गई तथा जांचों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट उपलब्ध कराई गई। चयनित तिथियों पर निःशुल्क PSA एवं Uroflowmetry जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

इक़रा हॉस्पिटल प्रबंधन ने इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए Rx Wellness Care, सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं शिविर में भाग लेने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।








