नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने रविवार को फेकला थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में थाना में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की गहन जांच की गई। इनमें आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, मासिक कार्य विवरणी, मालखाना, ओडी जांच, हाजत सुरक्षा, चार्जशीट तथा स्टेशन डायरी शामिल रहे।
इसके अलावा नगर पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान हत्या, लूट और डकैती जैसे संगीन मामलों की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस पदाधिकारियों को फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, रात्रि गश्ती बढ़ाने और बैंक एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
थानाध्यक्ष को पुराने लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने एवं वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनुसंधानकर्ताओं को नए आपराधिक कानूनों के तहत वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक तरीके से साक्ष्य संकलित कर मामलों की जांच करने को कहा गया।
नगर पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी निगरानी रखने तथा शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।








