DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

दरभंगा में पत्रकारों व मानवाधिकार कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमों के खिलाफ गरजा संगठन, CM-DGP को ज्ञापन भेजने का ऐलान

पत्रकारों व मानवाधिकार कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमों के खिलाफ दरभंगा में गरजा मानवाधिकार संगठन

दरभंगा: पत्रकारों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों पर कथित रूप से झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित किए जाने के विरोध में भारतीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन एवं मानवाधिकार इमरजेंसी हेल्पलाइन के संयुक्त तत्वावधान में शिव गार्डन रिसॉर्ट, मब्बी-शोभन रोड स्थित सभागार में एक आपातकालीन प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि हाल के दिनों में पत्रकारों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों को निशाना बनाकर उन पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इससे लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

संगठन ने केवटी प्रखंड के पत्रकार विजय कुमार गुप्ता के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि उन पर दर्ज मुकदमे और गिरफ्तारी की प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। आरोप लगाया गया कि गिरफ्तारी के दौरान उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया, जो मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार, मानवाधिकार कार्यकर्ता और समाजसेवी समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करते हैं तथा सरकार और प्रशासन के बीच जनता की आवाज पहुंचाने का काम करते हैं। ऐसे लोगों को प्रताड़ित करने के बजाय उनका मनोबल बढ़ाया जाना चाहिए ताकि वे निर्भीक होकर जनहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने घोषणा की कि पूरे मामले को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली को विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।

इस अवसर पर भारतीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार, प्रदेश संयुक्त सचिव सुनील भारती, मानवाधिकार इमरजेंसी हेल्पलाइन के प्रमंडल अध्यक्ष मनोहर कुमार, प्रमंडल प्रभारी डॉ. विजय सक्सेना, जिला अध्यक्ष उमाकांत यादव, सदस्य रामभरोस ठाकुर, पत्रकार राजेश प्रसाद उर्फ राजू सिंह, उदय कुमार, संजय कुमार, रोशन कुमार सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *