निर्वाचन परिसीमन एवं पुनर्संरचना समिति की जिम्मेदारी मिलने पर विधायक ईश्वर मंडल का सम्मान
दरभंगा। बिहार निर्वाचन परिसीमन एवं पुनर्संरचना समिति, दरभंगा प्रमंडल की जिम्मेदारी मिलने पर जदयू विधायक ईश्वर मंडल का स्थानीय लोगों की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान लोगों ने विधायक को पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए ब्रजेश मिश्रा ने कहा कि ईश्वर मंडल ऐसे जनप्रतिनिधि हैं, जो केवल सदन में क्षेत्र की आवाज उठाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी उम्मीदों और समस्याओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन परिसीमन एवं पुनर्संरचना जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

वहीं, प्रोफेसर शिशिर झा ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन एवं पुनर्संरचना लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधित्व से सीधे तौर पर जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में इस प्रक्रिया में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि की भूमिका काफी अहम हो जाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक ईश्वर मंडल क्षेत्र की जनभावनाओं और लोगों के सुझावों को मजबूती से समिति के समक्ष रखेंगे।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ईश्वर मंडल ने स्थानीय लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी गंभीरता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और सुझावों को प्राथमिकता देना उनकी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का संचालन गिरधर गोपाल ने किया। समारोह में स्थानीय नागरिकों एवं समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। इस दौरान विनय झा उर्फ संतोष झा, आनंद ठाकुर, जियाउल भाई, मनिया सूरबे, बिट्टु जी, बादल यादव, राजेश झा, लालटुन यादव, मो. एनूल, जियाउल रहमान, मनोज महतो, मुनि आलम, सोनू, मुन्ना खान, मो. खालिद, राहुल मंडल, अमन बिहारी सहित सैकड़ों लोगों ने विधायक को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में विनय कुमार झा उर्फ संतोष झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।








