DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

UPSC अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला शव

इलाके में सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

दरभंगा। बिशनपुर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर प्रखंड अंतर्गत वार्ड संख्या–9 में गुरुवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 26 वर्षीय युवक बिरजू कुमार का शव उसके कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया। घटना 17 तारीख की सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मृतक के पिता स्वर्गीय टुनटुन सहनी हैं।

परिजनों के अनुसार बिरजू कुमार UPSC की तैयारी कर रहा था और इसी वर्ष उसका पहला प्रयास था। पढ़ाई के साथ-साथ वह अपने निजी खर्च के लिए पार्ट-टाइम कोचिंग पढ़ाने का काम भी करता था। परिवार में उसकी तीन बहनें हैं, जबकि छोटा भाई विकास कुमार हैदराबाद में रहकर काम करता है और परिवार का भरण-पोषण करता है।

सुबह जब मां ने बेटे को कमरे में फंदे से लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। इसके बाद तुरंत बिशनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार बिरजू वार्ड संख्या–9 का सचिव भी था और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहता था। मृतक के चाचा शंकर सहनी और दोस्त-पड़ोसी मंदन कुमार ने बताया कि बिरजू बेहद शांत स्वभाव का था और अधिकांश समय पढ़ाई में ही व्यस्त रहता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT


MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *