दरभंगा।
जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आमजन के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी, दरभंगा के निर्देश पर जिले के सभी अंचलाधिकारियों द्वारा प्रमुख चौक–चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य कड़ाके की ठंड से सबसे अधिक प्रभावित गरीब, असहाय, वृद्ध एवं जरूरतमंद लोगों को राहत प्रदान करना है, ताकि वे शीतलहर के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रह सकें।
प्रशासन ने सभी अंचलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अलाव की व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में अलाव की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
जिले के सदर अंचल, जाले, कुशेश्वरस्थान एवं तारडीह सहित कई क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा शीतलहर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत कार्यों को और अधिक विस्तार देने की तैयारी भी की जा रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड के दौरान सावधानी बरतें और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आएं।
👉 ठंड और शीतलहर से जुड़ी हर अपडेट के लिए जुड़े रहें हमारे डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के साथ।








