DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

ग्रामीण गरीब–मजदूरों का विशाल प्रदर्शन, भाकपा (माले) के बैनर तले दरभंगा में निकला आक्रोश मार्च

मनरेगा, श्रम कानूनों और बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ लहेरियासराय समाहरणालय का घेराव

दरभंगा | डिजिटल डेस्क

कड़ाके की ठंड के बावजूद ग्रामीण गरीबों और मजदूरों का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा। भाकपा (माले) की दरभंगा जिला कमिटी के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीण गरीब–मजदूरों ने लहेरियासराय पोलो मैदान से समाहरणालय तक विशाल प्रदर्शन और जुलूस निकाला।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा (माले) जिला सचिव बैद्यनाथ यादव, अभिषेक कुमार, विनोद सिंह, अशोक पासवान, नंदलाल ठाकुर, खेग्रामस जिला सचिव सत्यनारायण पासवान ‘पप्पू’, पूर्व प्रमुख हरि पासवान, मो. जमालुद्दीन, शनिचरी देवी, देवेंद्र कुमार, सुरेंद्र पासवान, जिला पार्षद सुमित्रा देवी, एक्टू जिला सचिव उमेश प्रसाद साह, इंसाफ मंच जिला सचिव मकसूद आलम पप्पू ख़ां, नगर सचिव कामेश्वर पासवान सहित कई जनसंगठन नेताओं ने किया।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा जुलूस

प्रदर्शनकारी लहेरियासराय पोलो मैदान से जुलूस की शक्ल में निकले, जो कमिश्नरी, समाहरणालय, लहेरियासराय थाना, लोहिया चौक होते हुए पुनः लहेरियासराय टावर के रास्ते समाहरणालय के मुख्य गेट तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने गेट जाम कर सभा आयोजित की।

मनरेगा और श्रम संहिताओं पर सरकार को घेरा

खेग्रामस जिला सचिव सत्यनारायण पासवान ‘पप्पू’ के संचालन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा कानून को मजबूत करने और मजदूरी बढ़ाने के बजाय नाम बदलने के बहाने रोजगार गारंटी कानून को ही समाप्त करने की साजिश कर रही है, जिसे ग्रामीण गरीब–मजदूर किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।

वक्ताओं ने कहा कि पूंजीपतियों के हित में मजदूरों के वर्षों के संघर्ष से हासिल कानूनों को खत्म कर चार श्रम संहिताएं लागू की गई हैं, जिससे मजदूरों को गुलामी की ओर धकेला जा रहा है। इन श्रम संहिताओं को वापस लेने तक संघर्ष जारी रहेगा।

बुलडोजर कार्रवाई और आवास अधिकार का मुद्दा

माले–खेग्रामस नेताओं ने बिहार में चल रही बुलडोजर कार्रवाई का भी विरोध किया और दलित एवं गरीबों के वास–आवास की गारंटी के लिए कानून बनाने की मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि गरीबों के घर उजाड़ने की नीति लोकतंत्र के खिलाफ है।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद जिला पदाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र सौंपा गया। प्रदर्शन को भाकपा (माले) जिला सचिव बैद्यनाथ यादव, अभिषेक कुमार, विनोद सिंह, नंदलाल ठाकुर, हरि पासवान, प्रवीण कुमार, शनिचरी देवी, भरत राम, पप्पू ख़ां, कैलाश पासवान, शिवन यादव, रामप्रीत राम, सबरी देवी, सुमित्रा देवी, देवेंद्र कुमार, परमेश्वर पासवान, हरिश्चंद्र पासवान सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

👉 कड़ाके की ठंड में हुए इस प्रदर्शन ने एक बार फिर दरभंगा में ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के मुद्दों को केंद्र में ला खड़ा किया है।

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *