DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

यूनेस्को क्लब ऑफ दरभंगा ने मनाई छह सदस्य दंपतियों की शादी की सालगिरह

समारोह में क्लब डायरेक्टरी का विमोचन, राजगीर पारिवारिक टूर व स्वास्थ्य शिविरों की रूपरेखा तैयार

दरभंगा | डिजिटल डेस्क

यूनेस्को क्लब ऑफ दरभंगा के तत्वावधान में क्लब के छह सदस्य दंपतियों की शादी की वर्षगांठ का भव्य समारोह रेडियो स्टेशन रोड स्थित महाराजा होटल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्लब सदस्यों एवं उनके परिवारजनों की उपस्थिति में दांपत्य जीवन, सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों को समर्पित यह आयोजन खास आकर्षण का केंद्र रहा।

समारोह में जिन दंपतियों ने अपनी शादी की सालगिरह मनाई, उनमें बिनोद कुमार पंसारी–नीलम पंसारी, प्रो. मधु रंजन प्रसाद–डॉ. माला सिन्हा, डॉ. अंजू अग्रवाल–डॉ. कुमार अभिषेक, श्रवण कुमार बैरोलिया–कुसुम बैरोलिया, मनोज कुमार डोकानिया–प्रिया डोकानिया एवं कुमार अभिषेक–आकांक्षा कुमारी शामिल रहे।

दांपत्य जीवन के अनुभव साझा

विवाहित जोड़ों ने अपने जीवन के खट्टे-मीठे अनुभव साझा करते हुए कहा कि पति-पत्नी का संबंध साइकिल के दो पहियों जैसा होता है, जो आपसी तालमेल और विश्वास से ही निरंतर आगे बढ़ता है। उपस्थित सदस्यों ने सभी दंपतियों के सफल, सुखद एवं दीर्घ दांपत्य जीवन की कामना की।

मनोरंजन, खेल और प्रतियोगिताएं

समारोह के दौरान मनोरंजन से भरपूर खेल, प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिससे पूरे माहौल में उत्साह और पारिवारिक अपनापन झलकता रहा।

क्लब डायरेक्टरी का हुआ विमोचन

इस अवसर पर यूनेस्को क्लब ऑफ दरभंगा की डायरेक्टरी का भी विमोचन किया गया। डायरेक्टरी में वित्तीय वर्ष 2025–26 के दायित्वधारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, विभिन्न कमेटियों के चेयरमैनों एवं सभी 62 सदस्यों की उनकी पत्नी के साथ फोटो, मोबाइल नंबर, पता, जन्मतिथि और विवाह तिथि सहित विस्तृत जानकारी शामिल है।

अध्यक्ष ने रखी आगामी योजनाओं की जानकारी

स्वागत संबोधन में क्लब अध्यक्ष बिनोद कुमार पंसारी ने कहा कि यह आयोजन मात्र औपचारिक नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने क्लब की आगामी राजगीर पारिवारिक टूर योजना और स्वास्थ्य शिविरों की भी विस्तार से जानकारी दी।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का ऐलान

डॉ. जगत नारायण नायक ने स्वरचित कविता पाठ के साथ जानकारी दी कि आगामी 29 एवं 30 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक श्री राम जानकी आरोग्य निकेतन, जीएम रोड, दरभंगा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें मेदांता के डॉक्टर भी अपनी सेवाएं देंगे।

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

मनोज कुमार डोकानिया एवं डॉ. अंजू अग्रवाल के संयुक्त संचालन में समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान से हुआ। कार्यक्रम संयोजक मनोरंजन कुमार अग्रवाल ने गीत प्रस्तुत किया, वहीं आशी अग्रवाल ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। धन्यवाद ज्ञापन क्लब के कोषाध्यक्ष ललित खेतान ने किया।

इस अवसर पर क्लब के 60 से अधिक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक एकता की झलक साफ देखने को मिली।

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *