दूसरे दिन रिकॉर्ड भीड़, बच्चों की प्रतिभा को मिला सम्मान
दरभंगा। लक्ष्मेश्वर पब्लिक लाइब्रेरी परिसर में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी के दूसरे दिन कार्यक्रम पूरे उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही प्रदर्शनी स्थल पर दर्शकों की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे आयोजन स्थल पूरी तरह गुलजार रहा। रंग-बिरंगे फूलों, हरियाली और सुसज्जित स्टॉलों ने लोगों को खासा आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच आयोजित कई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सी. एस. अग्रवाल सहित एडीएम (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, प्रणव कुमार, यातायात डीएसपी प्रकाश कुमार और एनडीसी पवन कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने पुष्प प्रदर्शनी की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया और अपने-अपने विभागों से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
नगर थाना एवं विश्वविद्यालय थाना के थानाध्यक्षों ने सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वागत भाषण में उत्तरी बिहार उद्यान समिति की अध्यक्षा डॉ. लता खेतान ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली, स्वच्छता और जल संरक्षण को आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
उद्यान समिति के महासचिव राघवेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और यदि उन्हें शुरू से ही पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाए तो आने वाली पीढ़ियां अधिक जागरूक होंगी। उन्होंने बताया कि संस्था से जुड़े 25 विद्यालयों के माध्यम से सैकड़ों बच्चे इस अभियान का हिस्सा बन चुके हैं, जिससे यह मुहिम और भी मजबूत हुई है।
समारोह में ‘ओवर ऑल राइजिंग स्टार’ का प्रतिष्ठित पुरस्कार माउंट समर कॉन्वेंट स्कूल को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मनोज डोकानिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष मुकेश खेतान ने किया।








