मोनू आत्महत्या मामले में एसएसपी ने सहायक दारोगा को किया निलंबित, जांच के लिए SIT गठित
Darbhanga Live News | दरभंगा
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के खराजपुर गांव में मोनू कुमार आत्महत्या मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले की जांच के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने सहायक दारोगा इंद्रदेव कुमार को निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
मोनू कुमार के परिजनों ने पुलिस पर डराने-धमकाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। परिजनों का आरोप था कि पुलिसकर्मियों द्वारा मोनू से चार लाख रुपये की मांग की गई थी। रुपये देने में असमर्थता जताने के बाद पुलिसकर्मियों के वहां से जाने के कुछ समय बाद मोनू ने आत्महत्या कर ली।
एसएसपी ने गठित की थी SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। टीम में प्रभारी एसडीपीओ-1 एसके सुमन, बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार, एसएसपी कार्यालय में पदस्थापित इंस्पेक्टर सुनील कुमार, अमित कुमार साह सहित डीआईयू के कर्मियों को शामिल किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि मोनू का मोबाइल दो दिन पहले ही बरामद हो गया था, लेकिन इसकी सूचना थाना प्रभारी को नहीं दी गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक दारोगा इंद्रदेव कुमार को निलंबित कर दिया गया।
मोबाइल को लेकर भी उठे सवाल
जांच में यह बात सामने आई कि सहायक दारोगा के पास मोबाइल दो दिनों तक रहा। इस दौरान मोनू कुमार के घर जाकर विभिन्न जानकारियों का आदान-प्रदान भी किया गया, लेकिन मोबाइल मिलने की जानकारी संबंधित पुलिस पदाधिकारी को नहीं दी गई।
बताया गया कि सहायक दारोगा का कहना था कि यह मोबाइल नहीं है, दूसरा मोबाइल लेकर आओ। इस पूरे मामले की भी जांच की जा रही है।
CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
एसएसपी ने बताया कि मामले से जुड़े प्रत्येक बिंदु की अलग-अलग जांच की जा रही है। घटनाक्रम से जुड़े CCTV फुटेज को भी कई स्थानों पर खंगाला जा रहा है। जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मोनू कुमार की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया था। परिजनों का आरोप था कि सहायक दारोगा इंद्रदेव कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मोनू से चार लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मोनू ने पैसे देने से इनकार करते हुए अपने पास पैसे नहीं होने की बात कही थी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि तीन लोग बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से मोनू के घर पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और भूमिका को लेकर परिजनों ने कई गंभीर सवाल उठाए।
दो अलग-अलग मामलों में दर्ज हुआ केस
मामले को लेकर सहायक दारोगा इंद्रदेव कुमार के फर्दबयान के आधार पर बहादुरपुर थाना में चार नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मोनू कुमार के पिता जागेश्वर सहनी के आवेदन पर भी मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।








