DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

दरभंगा में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, चीनी और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर प्रदर्शन

दरभंगा। बढ़ती महंगाई और चीनी समेत रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से लहेरियासराय टावर तक पद मार्च निकाला।

पद मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर मार्च में शामिल हुए और महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान “नरेंद्र मोदी हाय-हाय” और “जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है” जैसे नारे लगाए गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया।

डॉ. जमाल हसन ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

पुतला दहन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन ने कहा कि बढ़ती महंगाई से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि चीनी समेत जरूरी खाद्य पदार्थों की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम लोगों की रसोई पर पड़ रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डालकर जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता।

डॉ. जमाल हसन ने बड़े आर्थिक मामलों का जिक्र करते हुए भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने सवाल किया कि जब आम आदमी महंगाई और आर्थिक दबाव से परेशान है, तो सरकार की नीतियों का लाभ आखिर किसे मिल रहा है?

जनता को भाषण नहीं, महंगाई से राहत चाहिए: रजनीकांत पाठक

वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष सह दरभंगा अर्बन प्रभारी रजनीकांत पाठक ने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण लोगों के घर का बजट बिगड़ गया है।

उन्होंने कहा कि जनता को भाषण नहीं, बल्कि महंगाई से राहत चाहिए। कांग्रेस आम जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में रामपुकार चौधरी, गणेश चौधरी, परमानंद झा, रतिकांत झा, शिवनारायण पासवान, रीता मिश्रा, अरविन्द कुमार पासवान, कामदेव चौधरी, बिमलेन्दु ठाकुर, राघवेंद्र कुंवर, प्रिंस परवेज, राजा अंसारी, हसमत अंसारी, बसंत झा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *