DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

दरभंगा में जलसा सीरतुन्नबी का भव्य समापन, उलेमाओं ने दिया प्रेम, शांति और इंसानियत का संदेश

दरभंगा के किलाघाट में तीन दिवसीय जलसा सीरतुन्नबी का समापन

दरभंगा। शहर के किलाघाट स्थित मदरसा हमीदिया मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जलसा सीरतुन्नबी का शुक्रवार देर रात सफलतापूर्वक समापन हो गया। लगभग 80 वर्षों से सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था अंजुमन खुद्दाम-ए-मिल्लत की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए उलेमाओं और इस्लामिक विद्वानों ने हजरत मुहम्मद की सीरत और उनकी शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जलसे के दौरान उलेमाओं की ज्ञानवर्धक तकरीरों को सुनने के लिए देर रात तक सैकड़ों लोग किलाघाट में मौजूद रहे। विभिन्न प्रदेशों से आए शायर-ए-इस्लाम और नातख्वानों ने नातिया कलाम पेश कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

पैगम्बर की सीरत को जीवन में अपनाने की अपील

बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार की रात आयोजित कार्यक्रम में उलेमाओं ने कहा कि हजरत मुहम्मद सम्पूर्ण मानवता के लिए आदर्श हैं। उनके जीवन से सत्य, ईमानदारी, करुणा, सहिष्णुता और मानव सेवा की प्रेरणा मिलती है।

उलेमाओं ने लोगों से पैगम्बर-ए-इस्लाम की सीरत का अध्ययन करने और उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर और समाजोपयोगी बना सकता है।

उन्होंने कहा कि इस्लाम का मूल संदेश प्रेम, न्याय, शांति, समानता, अधिकारों की रक्षा और सामाजिक सौहार्द है। समाज में आपसी भाईचारे और इंसानियत के मूल्यों को मजबूत करने की जरूरत है।

महिलाओं के लिए भी हुआ विशेष जलसा

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT

जलसे के दौरान शुक्रवार को दिन में महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और लड़कियों ने हिस्सा लिया।

महिला जलसे की अध्यक्षता आलिमा शरबत फातिमा अमजदी ने की, जबकि संचालन आलिमा इफत सुब्हानी अमजदी ने किया। आलिमा हिना कादरी अमजदी, आलिमा बहारे रहमत अमजदी और आलिमा खुशनुमा नूरानी ने महिलाओं को संबोधित किया।

आलिमाओं ने महिलाओं के अधिकार, सम्मान और जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए आने वाली पीढ़ियों को शिक्षित करने, नैतिक मूल्यों से जोड़ने और सामाजिक एवं पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने पर जोर दिया।

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT

देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे उलेमा और शायर

कार्यक्रम हजरत सैयद शमशुल्लाह जान उर्फ बाबू हुजूर की सरपरस्ती तथा मुफ्ती हजरत गफ्फार शाकिब की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर कानपुर के मुफ्ती हाशिम अशरफी, वाराणसी के मुफ्ती शाकिब कादरी, दिल्ली के मौलाना शफीकुल्लाह चतुर्वेदी, गिरिडीह के मौलाना अख्तर काशिफ, पटना के शाकिर रजा सहित विभिन्न स्थानों से आए उलेमा शामिल हुए। कोलकाता से आए शायर-ए-इस्लाम शकील एवं शादाब ने भी अपने कलाम पेश किए।

इसके अलावा स्थानीय स्तर के करीब दो दर्जन उलेमाओं ने संबोधित किया, जबकि आधा दर्जन से अधिक शायरों ने अपने कलाम प्रस्तुत किए।

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT

आयोजन की सफलता पर जताया आभार

जलसे के सफल आयोजन पर अंजुमन खुद्दाम-ए-मिल्लत के सचिव सैयद आफताब अशरफ ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और कार्यक्रम में शामिल लोगों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य हजरत मुहम्मद की जिंदगी, उनके आदर्श चरित्र और उनकी शिक्षाओं से लोगों को रूबरू कराना है, ताकि समाज में शांति, भाईचारा और इंसानियत के मूल्यों को बढ़ावा मिले।

MD SHAMSHAD
Author: MD SHAMSHAD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *