नदी किनारे भैंस चरा रहे 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम
दरभंगा: संवाददाता (DMCH), अफजल खान | DarbhangaLiveNews.com
भैंसों को घर ले जाने के दौरान फिसला पैर

मृतक के मामा प्रवीण कुमार यादव के अनुसार, रविवार को पिंकेश नदी किनारे भैंस चरा रहा था। शाम होने पर वह भैंसों को घर वापस लाने के लिए हांक रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया।
पिंकेश को नदी में डूबता देखकर आसपास मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोर को पानी से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की। हालांकि, जब तक उसे बाहर निकाला गया, उसकी मौत हो चुकी थी।
सातवीं कक्षा में पढ़ता था पिंकेश
परिजनों ने बताया कि पिंकेश पढ़ाई में तेज और शांत स्वभाव का था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। किशोर की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
परिजनों ने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।









