DARBHANGA LIVE NEWS / दरभंगा लाइव न्यूज़

DARBHANGA LIVE NEWS I दरभंगा लाइव न्यूज़

दरभंगा: डीहलाही गांव में फरीदिया हॉस्पिटल का नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 400 से अधिक मरीजों को मिला लाभ

दरभंगा। दरभंगा जिले के लहेरियासराय प्रखंड अंतर्गत डीहलाही गांव में सोमवार को फरीदिया हॉस्पिटल की ओर से एक भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 08:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक चला, जिसमें गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 400 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा का लाभ उठाया।

इस मेडिकल कैंप में फरीदिया हॉस्पिटल के विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे। दूरदराज के ग्रामीण इलाके में पहुंचकर डॉक्टरों ने मरीजों को न केवल परामर्श दिया, बल्कि आवश्यक जांच और मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध कराईं। शिविर के दौरान मरीजों का ब्लड प्रेशर, शुगर जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।

शिविर में गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. हाया फातमा, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. नफीसुर रहमान, स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. एस.एम. इनामुल्लाह एवं पीडियाट्रिशियन डॉ. सिराज अहमद ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। वहीं मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सैयद यूसुफ फैसल ने ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर इलाज की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

डॉ. फैसल ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में लोग सामान्य बीमारियों को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं, जो बाद में गंभीर रूप ले लेती हैं। ऐसे में गांवों में जाकर स्वास्थ्य जांच और इलाज देना बेहद जरूरी है। फरीदिया हॉस्पिटल का उद्देश्य है कि बेहतर चिकित्सा सुविधाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचें।

फरीदिया हॉस्पिटल के मैनेजर मो. नसीम अंसारी ने बताया कि प्रत्येक अस्पताल की यह सामाजिक जिम्मेदारी होती है कि वह ग्रामीण और जरूरतमंद क्षेत्रों में इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले दिनों में डीहलाही, लहेरियासराय सहित अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे।

मेडिकल कैंप को देखकर यह स्पष्ट रूप से महसूस किया गया कि फरीदिया हॉस्पिटल ग्रामीण इलाकों तक अस्पताल जैसी सुविधाएं पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना काबिले-तारीफ रहा। शिविर से लाभान्वित मरीजों एवं ग्रामीणों ने फरीदिया हॉस्पिटल और डॉक्टरों की टीम की खुले दिल से प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!